आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), रांची ने निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे से चार दिनों तक रिमांड पर पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद एसीबी ने उन्हें विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें पुनः न्यायिक हिरासत में रिम्स भेज दिया गया। फिलहाल वहीं उनका इलाज जारी रहेगा। एसीबी ने 30 जनवरी को न्यायिक हिरासत में रिम्स में इलाजरत विनय कुमार चौबे को रिमांड पर लिया था। चार दिनों की पूछताछ के दौरान एसीबी ने विभाग को सूचित किए बिना की गई विदेश यात्राओं, पटना और नोएडा में अचल संपत्ति की खरीद, ससुर के साथ हुए वित्तीय लेन-देन तथा ससुर के नाम पर संपत्ति अर्जित किए जाने से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पूछताछ में कई अहम दस्तावेजों और लेन-देन को लेकर सवाल किए गए, जिन्हें जांच के दायरे में लिया गया है। एसीबी मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान विनय कुमार चौबे ने अपने ससुर के साथ वित्तीय लेन-देन और उनके नाम पर अरगोड़ा के अशोक नगर में अचल संपत्ति की खरीद की बात स्वीकार की है। हालांकि पटना और नोएडा में अचल संपत्ति की खरीद से जुड़े सवालों पर चौबे ने चुप्पी साधे रखी। इन संपत्तियों की खरीद में लगाए गए धन के स्रोत को लेकर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, विदेश यात्रा के मामले में भी चौबे ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने विभाग को इसकी लिखित सूचना नहीं दी थी। हालांकि उनका दावा है कि विभाग को उनके विदेश दौरे की जानकारी थी। एसीबी इस दावे की भी जांच कर रही है।


