चौमूं में तहसीलदार के नाम पर अवैध रूप से उगाही करने का मामला उजागर हुआ है। प्रशासन ने आमजन को ऐसे फर्जी और संदिग्ध लोगों से सावधान रहने की अपील की है। चौमूं में एक टाइपराइटर द्वारा तहसीलदार डॉ. विजयपाल विश्नोई के नाम का दुरुपयोग करते हुए तहसील कोर्ट के एक फैसले के बदले 4 लाख रुपए की मांग की गई। बताया गया कि जिस मामले में सौदेबाजी की जा रही थी, उसका फैसला 2 जनवरी को लिखा जा चुका था। इसके बावजूद 10 जनवरी को संबंधित पक्ष से पैसे मांगने की बात सामने आई, जिससे पूरे प्रकरण पर सवाल खड़े हो गए। इस मामले में स्पष्ट किया गया है कि चौमूं तहसीलदार या तहसील कार्यालय के किसी भी कार्मिक द्वारा किसी प्रकार की राशि की मांग नहीं की गई है। मामला सामने आने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ कालाडेरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। चौमूं तहसीलदार डॉ. विजयपाल ने पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और सबूत के तौर पर एक वीडियो सीडी भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
चौमूं तहसीलदार डॉ. विजयपाल बिश्नोई ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध और फर्जी लोगों के बहकावे में नहीं आए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध सूचना होने पर तहसील कार्यालय में संपर्क करें। प्रशासन के नाम से किसी को भी रुपए नहीं देवें।


