छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर के अस्ताचलगामी स्वरूप को अर्पित किया अर्घ्य

भास्कर न्यूज | चतरा जिले भर में सूर्य उपासना का महापर्व चैती छठ हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के तीसरे दिन गुरुवार को छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर के अस्ताचलगामी स्वरूप को अर्घ्य अर्पित किया। छठ का व्रत रखे छठ व्रतियां दंडवत करते हुए छठ घाटों पर पहुंची। व्रतियां घंटों जलाशयों में हाथ जोड़कर भगवान भास्कर की अराधना में लीन रही। जैसे हीं भगवान सूर्य लालिमा लिए अस्त होने को हुए। सूर्य देवता का टकटकी लगाए व्रतियों ने दुध व जल से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद आम श्रद्धालुओं ने भी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। भगवान भास्कर को अर्पित अर्घ्य श्रद्धालु अपने माथे पर लेकर भगवान सूर्य से स्वस्थ व निरोगी काया की कामना किया। शहर के छठ तालाब एवं हेरू नदी तट पर छठ व्रतियां दौरा लेकर अर्घ्य अर्पित करने के लिए अधिक संख्या में पहुंचे थे। अर्घ्य लेने के लिए भी काफी संख्या में श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचे थे। जिले भर में छठ को लेकर उत्साह का माहौल है। पर्व के चौथे व आखरी दिन शुक्रवार की सुबह व्रतियां उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पारण करेंगे। इसके साथ हीं नेम निष्ठा का चार दिवसीय छठ महा पर्व संपन्न हो जाएगा। इधर दूसरी ओर छठ महापर्व को लेकर छठ तालाब घाट पर सुरक्षा का भी व्यापक प्रबंध किया गया है। सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार व अंचलाधिकारी अनिल कुमार दल बल के साथ छठ तालाब पर गश्त लगाते हुए देखे गए। छठ तालाब घाट पर स्थानीय छठ पूजा समिति के द्वारा आकर्षक विद्युत साज सज्जा व साउंड की व्यवस्था की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *