छतरपुर जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक लाइव वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें अस्पताल परिसर के भीतर गार्ड के साथ मारपीट साफ देखी जा सकती है। जानकारी के अनुसार, आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से तैनात सुरक्षा गार्ड सुरेंद्र कुमार कुशवाहा अपनी ड्यूटी पर थे। उनका काम अस्पताल परिसर की सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखना है। इसी दौरान एक मरीज का परिजन अस्पताल परिसर में वाहन खड़ा कर रहा था। गार्ड द्वारा मना करने पर परिजन नहीं माना और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि वाहन हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद मरीज के परिजन ने गार्ड के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सामने आया है। कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज
मारपीट में घायल हुए सुरक्षा गार्ड सुरेंद्र कुशवाहा को इलाज के लिए जिला अस्पताल के ड्रामा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। गार्ड ने बताया कि उस पर महाराजपुर निवासी देवेंद्र चौरसिया ने हमला किया। घटना के बाद सुरक्षा गार्ड ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर भी छानबीन की जा रही है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और गार्डों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


