छतरपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह पकड़ा:तीन आरोपियों से 7 चोरी की बाइकें बरामद, इस्तेमाल चाबी-औजार भी जब्त

छतरपुर की सिविल लाइन पुलिस ने शनिवार को एक अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके साथ ही, चोरी में इस्तेमाल होने वाले चाबी के गुच्छे और पेचकस जैसे औजार भी जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई सितंबर माह में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बिजावर नाका और सिंचाई कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी की कई शिकायतों के बाद की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ लोग सस्ते दामों पर चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापा मारा और एक संदिग्ध को हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम बताए, जिसके बाद कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद मोटरसाइकिलों में तीन हीरो होंडा स्प्लेंडर, एक हीरो आई स्मार्ट, दो हीरो एचएफ डीलक्स और एक हीरो पैशन प्रो शामिल हैं। ये सभी बाइकें खजुराहो, सिविल लाइन, कोतवाली, ईशानगर (छतरपुर) और मऊरानीपुर (झांसी, उत्तर प्रदेश) थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। जब्त किए गए वाहनों और अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.5 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयदेव बाजपेई (पिता गणेश प्रसाद, निवासी सटई रोड, छतरपुर), कृष्णऔतार उर्फ हल्के (पिता रति कुशवाहा, निवासी नरसिंहगढ़पुरवा, छतरपुर) और वसीम खान (पिता नसीम खान, निवासी वार्ड क्रमांक 10, सटई) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जयदेव बाजपेई पर चोरी, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम सहित आठ मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि कृष्णऔतार भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है। एसपी अगम जैन के निर्देश पर संबंधित थाना क्षेत्रों को चोरी की जानकारी दी गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की विवेचना जारी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि शिकायतें मिलने के बाद छह सदस्यीय टीम गठित की गई थी। आरोपी पहले रेकी करते थे, फिर दो लोग मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *