छतरपुर में शुक्रवार देर शाम कलेक्टर पार्थ जैसवाल द्वारा किए गए कंबल वितरण के दौरान अव्यवस्था का माहौल बन गया। शीतलहर से बचाव के लिए बांटे जा रहे कंबलों को पाने के लिए लोगों में होड़ लग गई और वे आपस में ही छीना-झपटी करने लगे। इस घटना का वीडियो शनिवार रात को सामने आया है, जिसमें लोग कंबल के लिए एक-दूसरे से उलझते और विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने जिला अस्पताल परिसर स्थित रैन बसेरा, बस स्टैंड और पन्ना रोड पर फुटपाथ पर रहने वाले बुजुर्गों, असहायों और जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए कंबल वितरित किए थे। इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ में कंबलों को लेकर विवाद हो गया। लोग कंबल हथियाने के लिए एक-दूसरे से खींचतान करते नजर आए। फुटपाथ पर रहने वालों की समस्याएं सुनीं कंबल वितरण के दौरान कलेक्टर ने पन्ना रोड पर फुटपाथ पर जीवन यापन करने वाले लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जाए और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। शहर में अलाव जलाने के निर्देश कलेक्टर ने ठंड को देखते हुए सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि वे फुटपाथों और प्रमुख चौराहों पर सार्वजनिक अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे सामाजिक कार्यों में सहयोग करें और अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंदों की मदद करें। देखिए खींचतान के दौरान ली गई तस्वीरें…


