छतरपुर में घना कोहरा छाया, विजिबिलिटी 1KM तक घटी:हाईवे पर दिन में जलीं लाइटें; ठंड बढ़ी, फसलों को फायदा

छतरपुर जिले में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे ठंड का असर बढ़ गया। विजिबिलिटी घटकर करीब 1 किलोमीटर रह गई। हालात ऐसे रहे कि सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। हाईवे पर भारी वाहन और ट्रक हेडलाइट जलाकर गुजरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि नमी का स्तर 60 प्रतिशत के आसपास रहा। बीते तीन दिनों से तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आया है। विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा, हालांकि दिन में तेज धूप निकल सकती है। कोहरे के बीच भी खेतों में हरियाली घने कोहरे और बढ़ती ठंड के बावजूद खेतों में हरियाली बनी हुई है। सुबह के समय फसलों पर ओस की बूंदें जमी दिखीं। किसान ठंड के बीच भी खेतों में सिंचाई करते नजर आए। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक ठंड बढ़ने से फसलों को फायदा होता है। इससे फसलों की बढ़वार बेहतर होती है, कीट और बीमारियों का प्रकोप कम होता है और मिट्टी में नमी बनी रहती है। मटर और आलू को पाले से खतरा विशेषज्ञों ने बताया कि अत्यधिक ठंड या पाला पड़ने की स्थिति में मटर और आलू जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। पत्तियां झुलसने की आशंका रहती है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर खेतों की मेड़ों पर धुआं करने की सलाह दी गई है। ठंड बढ़ने से लोग सतर्क ठंड बढ़ने के कारण लोग गर्म कपड़ों में ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सुबह-शाम सड़कों पर आवाजाही कम रही। डॉक्टरों ने ठंड के मौसम में गर्म पेय पदार्थ जैसे चाय, सूप और हल्दी वाला दूध लेने, पौष्टिक भोजन करने, पर्याप्त नींद लेने और सुबह की धूप सेकने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *