छतरपुर में छेड़छाड़ से परेशान महिला ने की पिटाई:छत्रसाल चौराहे पर आरोपी को डंडे से पीटा; पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

छतरपुर में छत्रसाल चौराहे पर आज सुबह एक महिला ने छेड़छाड़ करने वाले व्यक्ति की डंडे से पिटाई कर दी। घटना बुधवार सुबह 10:40 बजे की है, जब मजदूरी की तलाश में चौराहे पर खड़ी महिला को दो लोगों ने अश्लील हरकतों से परेशान करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि छत्रसाल चौराहा, जो मजदूरों के लिए रोजगार का प्रमुख केंद्र है, जहां ठेकेदार दैनिक मजदूरों की भर्ती करते हैं, वहां यह घटना घटी। पीड़िता के अनुसार, दो व्यक्तियों ने लगभग एक घंटे तक उसे लगातार परेशान किया। अंत में, महिला ने गुस्से में आकर एक आरोपी की कॉलर पकड़ ली और डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। यह विवाद चौराहे से शुरू होकर पुलिस चौकी तक पहुंच गया। चौकी में कोई पुलिसकर्मी नहीं होने के कारण एक महिला पुलिसकर्मी और यातायात पुलिसकर्मी ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। करीब 20 मिनट तक चले इस हंगामे के बाद यातायात कर्मी ने वायरलेस के जरिए सिटी कोतवाली थाने को सूचना दी। फिलहाल पुलिस ने महिला और आरोपी दोनों को थाने में ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *