छतरपुर में तस्करी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार:80 पेटी अवैध शराब बरामदगी मामले में कार्रवाई, मुख्य तस्कर की तलाश जारी

छतरपुर की थाना कोतवाली पुलिस ने ‘नशामुक्त मध्य प्रदेश अभियान’ के तहत सोमवार को ग्राम तलवारपुरा क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी बड्डू उर्फ धन प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया। बड्डू बरकौहा का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह मामला अक्टूबर माह का है, जब तलवारपुरा के पास एक खेत से 80 पेटी अवैध शराब बरामद की गई थी। जब्त की गई शराब की मात्रा लगभग 720 लीटर थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई थी। मामले में मुख्य तस्कर धीरेंद्र राजा निवासी निवारी और उसके तीन साथियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद से कुछ आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। छतरपुर पुलिस अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इस अभियान के तहत अब तक एनडीपीएस के 95 और आबकारी के 2000 से अधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। पुलिस ने 52 क्विंटल से अधिक अफीम के पौधे, 1000 किलोग्राम से ज्यादा गांजा, बड़ी मात्रा में नशीली सिरप, टैबलेट, इंजेक्शन, स्मैक और 20 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धीरेंद्र राजा सहित इस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *