छतरपुर में बिजली कटौती से परेशान छात्र मंगलवार को किताबें लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। मुख्यालय से लगे ग्राम पनौठा के छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके गांव में भारी बिजली कटौती की जा रही है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने बताया कि अगले महीने उनकी 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं हैं। छात्रों के अनुसार, गांव में 24 घंटे में केवल 8 से 10 घंटे ही बिजली मिलती है। सुबह स्कूल जाने के बाद शाम को जब वे लौटते हैं, तो बिजली गुल रहती है और रात भर बिजली नहीं आती। इससे उन्हें रात में पढ़ाई करने में दिक्कत होती है। बोले- कई बार अफसरों को बता चुके
छात्रों ने यह भी बताया कि वे पिछले चार महीने से इसी तरह की बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। उन्होंने कई बार अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। छात्रा रश्मि कुशवाहा और छात्र सोनू कुशवाहा ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि बिजली न होने से उनकी पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है और वे परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। ADM ने दिए तत्काल सुधार के निर्देश दिए
छात्रों की शिकायत को अपर कलेक्टर (ADM) मिलिंद नागदवे ने गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल बिजली कंपनी के अधिकारियों से बात की और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। ADM मिलिंद नागदवे ने आश्वासन दिया कि छात्रों की पढ़ाई और ग्रामीणों की बिजली समस्या का हर हाल में निराकरण किया जाएगा।


