छतरपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पठापुर रोड पर 12 दिसंबर को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवक राज पाठक की इलाज के दौरान मौत हो गई। राज का लंबे समय से इलाज चल रहा था। उसकी मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। पुलिस के मुताबिक 12 दिसंबर की रात पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने राज पाठक पर हमला किया था। मृतक के पिता महेंद्र पाठक ने बताया कि उनके बेटे के दोस्त सोहन कुशवाहा का पहले कुशवाहा परिवार से विवाद हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था। आरोपियों का असली निशाना सोहन था, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसके बाद आरोपियों ने राज पाठक पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
हमले में राज के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उसे पहले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया। झांसी में भी सुधार न होने पर उसे भोपाल एम्स भेजा गया। लंबा इलाज चलने के बाद 13 जनवरी की रात राज को छतरपुर लाया गया, लेकिन 14 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनके आधार पर कुल 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इनमें से 6 आरोपियों—मनीष चखना, चंदू, हल्के, भज्जू, पप्पू और रमिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि चतुर उर्फ बुद्धू और पुलाव उर्फ चिंकुल अभी फरार हैं। आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम
पुलिस अधीक्षक ने फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं मृतक के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस नजर बनाए हुए है।


