छतरपुर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के राजापुरवा गांव में शुक्रवार शाम एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने घर के बाड़े में रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या की। देर रात जब परिजनों को पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और जिला अस्पताल भेजा। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की पहचान सुरेंद्र पाल (22) पुत्र तुलसीदास पाल निवासी राजापुरवा के रूप में हुई। सुरेंद्र जयपुर में एक निजी कंपनी में काम करता था, लेकिन करीब एक माह पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी और गांव लौट आया था। शराब की लत और नौकरी छूटने से था तनाव परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र शराब का आदी था। उसके जीजा रामप्रसाद ने बताया कि वह दिनभर शराब पीता था और नौकरी छूटने से परेशान रहता था। गांव लौटने के बाद वह घर की खेती संभाल रहा था लेकिन मानसिक रूप से परेशान दिखाई देता था। ओरछा रोड थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया शराब की लत और नौकरी छूटने से उत्पन्न तनाव को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है।


