छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और नए चेहरों को सामने लाने के उद्देश्य से टैलेंट हंट प्रोग्राम की शुरुआत कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित कुल 120 कैंडिडेट शामिल हुए हैं। पार्टी की ओर से इसे भविष्य के प्रवक्ताओं और विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को तैयार करने की पहल बताया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, टैलेंट हंट की चयन प्रक्रिया कुल 25 राउंड में पूरी की जा रही है। इसमें पैनल डिस्कशन, रिटन टेस्ट और 121 इंटरव्यू के जरिए प्रतिभागियों की क्षमता परखी जा रही है। इंटरव्यू पैनल में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुमा आचार्य, प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगिड़, एआईसीसी रिसर्च टीम के अंचल सिंघल और हर्ष कुमार शामिल हैं। चयन प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे प्रवक्ताओं को चुना जाएगा, जो पार्टी की विचारधारा को प्रभावी तरीके से जनता के बीच रख सकें। लोकतांत्रिक विचारधारा वाले आवेदकों को मौका नेशनल टैलेंट हंट को लेकर राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुमा आचार्य ने कहा कि कांग्रेस में उन लोगों को अवसर दिया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और विचारधारा में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे वक्ता, जो अपनी बात और मत को मजबूती से रख सकते हैं, उन्हें आगे लाया जा रहा है। कांग्रेस के पास पहले से ही सक्षम नेता हैं, लेकिन संगठन को और मजबूत करने के लिए नए लोगों को जोड़ना जरूरी है। यह पहली बार है जब कांग्रेस सीधे तौर पर अपनी विचारधारा से जुड़ने का ऐसा अवसर दे रही है।


