छत्तीसगढ़ के जंगलों से 6 दिन में लापता नाबालिग बरामद:चंदेरी पुलिस सुरक्षित वापस ले आई; आरोपी गिरफ्तार

अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग किशोरी को पुलिस छत्तीसगढ़ के नवाटोला के जंगलों से बरामद कर सोमवार देर रात सुरक्षित वापस ले आई। पुलिस ने इस मामले में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। किशोरी को 6 दिन के भीतर ही खोज निकाला गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी आशिक नाथ मूल रूप से सीहोर जिले का निवासी है और जगह-जगह रहकर भीख मांगने का काम करता है। पीड़िता का परिवार चंदेरी क्षेत्र में झोपड़ी डालकर रह रहा था। आरोपी कुछ समय पहले उनकी झोपड़ियों के पास रुका था, जहां उसकी पीड़िता से पहचान हुई। पहचान होने के बाद दोनों अलग-अलग स्थानों पर चले गए थे। बाद में आरोपी आशिक नाथ 13 साल 6 महीने की नाबालिग किशोरी को अपने साथ भगा ले गया। पीड़िता के परिजनों ने 1 दिसंबर को चंदेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। चंदेरी थाना प्रभारी मनीष जादौन ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर आरोपी का पता लगाया। आरोपी पीड़िता को लेकर मध्य प्रदेश के कई जिलों में ठिकाने बदलता रहा और अंत में छत्तीसगढ़ के नवाटोला पहुंच गया था। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक टीम छत्तीसगढ़ भेजी गई। पुलिस टीम ने किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी आशिक नाथ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। कार्रवाई में निरीक्षक मनीष सिंह जादौन, उप निरीक्षक नीलम सिंह यादव, आरक्षक योगेन्द्र रघुवंशी, संतोष त्यागी, आनंद राजपूत, दीपिका कोरी और सायबर सेल से अभिजीत विसेन, आरक्षक प्रशांत भदोरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *