छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ के रूप में विख्यात मैनपाट में पर्यटन को बढ़ावा देने सर्व सुविधायुक्त पर्यटन-आवासीय परिसर बनाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने गृृह निर्माण मंडल को 12 एकड़ जमीन आबंटित की है। इस परिसर में कई कमरों वाले मोटल बनेंगे, जहां 24×7 क्लब हाउस, मिलेट्स कैफे, जिम, स्विमिंग पूल, किड्स प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट ज़ोन विकसित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि इस भूमि पर आधुनिक एवं बहुउपयोगी पर्यटन-आवासीय परिसर का निर्माण जल्द शुरू कर दिया जाएगा। यह परियोजना मैनपाट आने वाले पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती कमरे एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। सिंहदेव ने कहा कि मैनपाट में लगातार बढ़ते पर्यटक आगमन को देखते हुए इस तरह की सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। स्टारर होटलों जैसी होगी सुविधाएं
प्रस्तावित परिसर में आधुनिक वेलनेस एवं मनोरंजन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अनुराग सिंहदेव ने बताया कि परियोजना में केरल मॉडल पर आधारित वेलनेस सेंटर, प्राकृतिक पंचकर्म चिकित्सा, हर्बल स्पा और आयुष सेवाएं प्रस्तावित हैं। परिसर में 24×7 क्लब हाउस, मिलेट्स कैफे, जिम, स्विमिंग पूल, किड्स प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट ज़ोन विकसित किए जाएंगे। पर्यावरण अनुकूल विकास के तहत ट्री हाउस, कॉटेज और स्थानीय जीवन एवं संस्कृति का अनुभव कराने वाला सांस्कृतिक क्षेत्र भी शामिल होगा। पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मैनपाट में पूरे वर्षभर सैलानी पहुंचते हैं। खासकर ठंड के दिनों में यहां पहुंचने वालों की तादाद काफी अधिक होती है। मैनपाट में करमा एवं शैला रिसॉर्ट के अलावे दर्जनभर से अधिक निजी होटल हैं। सीजन में यहां रूकने के लिए लोगों को कमरे नहीं मिलते।
मैनपाट में प्रस्तावित आवासीय परिसर में लोगों के लिए कई कमरे उपलब्ध होंगे। सर्वसुविधायुक्त परिसर में जो सुविधाएं प्रस्तावित हैं, उससे पर्यटन का आकर्षण बढ़ेगा। सिंहदेव ने कहा कि परियोजना से मैनपाट में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होंगे और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नई संभावनाएं खुलेंगी। गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से पर्यटकों का ठहराव समय बढ़ेगा, जो क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। सरगुजा के लिए होगी बड़ी उपलब्धि आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ का विशिष्ट एवं उभरता हुआ पर्यटन गंतव्य है। तेजी से बढ़ रही पर्यटक संख्या को देखते हुए यहाँ आधुनिक सुविधाओं का विकास अत्यावश्यक है। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने परियोजना को छत्तीसगढ़ के पर्यटन विस्तार के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा और राज्य का हॉस्पिटैलिटी सेक्टर मजबूत होगा। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने इसे मैनपाट के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह परियोजना स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं व्यापार के अवसर उपलब्ध कराएगी और क्षेत्र की पहचान को नई ऊँचाई देगी।


