केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को देश का बजट पेश किया, लेकिन पूरे भाषण में कहीं भी छत्तीसगढ़ के लिए कोई विशेष योजनाओं का जिक्र नहीं किया गया। हालांकि, युवा, किसान और महिलाओं के लिए जो घोषणाएं की गई हैं, उनका फायदा छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा, लेकिन राज्य के नेताओं और अधिकारियों को विशेष घोषणाओं की उम्मीद थी, जो पूरी नहीं हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कहना है कि इस बजट से मध्यम वर्गों को राहत मिली है। जबकि कांग्रेस का कहना है कि बजट से छत्तीसगढ़ के लोगों को कोई सीधा फायदा नहीं मिलेगा। इसमें महंगाई और बेरोजगारी कम करने का कोई रोडमैप नहीं है राज्य के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं केंद्रीय बजट 2025-26 में छत्तीसगढ़ के लिए किसी नई योजना या परियोजना की घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, राष्ट्रीय स्तर पर घोषित विभिन्न योजनाओं और नीतियों का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिलेगा। अर्थशास्त्री बी.एल. सोनकर का कहना है कि “बजट में छत्तीसगढ़ के लिए कोई प्रत्यक्ष विशेष पैकेज की घोषणा नहीं की गई है, जैसा कि बिहार के लिए किया गया। हालांकि, यदि बजट को व्यापक दृष्टिकोण से देखा जाए तो इसका अप्रत्यक्ष लाभ छत्तीसगढ़ को जरूर मिलेगा।” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया बजट देश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग को राहत देने वाला है। कांग्रेस ने कहा – ‘झूठे वादे, खोखले दावे का बजट’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि यह अर्थव्यवस्था को गर्त में ले जाने वाला बजट है और इसमें महंगाई और बेरोजगारी कम करने का कोई रोडमैप नहीं है। बजट में बिहार को प्राथमिकता? कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार का पूरा फोकस इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव पर है।


