छत्तीसगढ़ निकाय-पंचायत चुनाव में बीजेपी का जीत का दावा:प्रदेशाध्यक्ष बोले- सबसे ज्यादा सीटें जीतेंगे; कांग्रेस ने अलग-अलग नतीजों पर जताई आपत्ति

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने दावा किया कि उनकी पार्टी चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है और इस बार प्रदेश में सबसे अधिक नगरीय निकायों और पंचायतों में जीत हासिल करेगी। कांकेर भाजपा कार्यालय में आयोजित एक सभा में प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूत तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और योजनाओं को लेकर वे जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के अधिकतर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजयी होंगे। निकाय और पंचायत चुनाव कार्यक्रमों पर कांग्रेस की आपत्ति वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने चुनाव परिणामों की अलग-अलग तिथियों पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक देश, एक चुनाव की बात करती है, लेकिन यहां निकाय और पंचायत चुनावों के नतीजे चार चरणों में घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह परिणामों को प्रभावित करने की रणनीति है। कांग्रेस ने मांग की है कि सभी परिणाम 24 फरवरी को एक साथ घोषित किए जाएं। पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखने की बात कही है और आवश्यक होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की भी चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *