छत्तीसगढ़ में अवैध धान तस्करी पर कार्रवाई:कोंडागांव में एसडीएम ने 224 क्विंटल धान से भरा ट्रक पकड़ा, जांजगीर में भी 561 बोरे जब्त

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान धान की अवैध तस्करी को रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम केशकाल अंकित चौहान के नेतृत्व में उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने इरागांव में एक ट्रक से 224.40 क्विंटल धान जब्त किया है। जिला प्रशासन ने धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए रणनीति अपनाई है। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस, वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त, राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के अधिकारियों की उड़नदस्ता टीम भी लगातार निगरानी कर रही है। कार्रवाई में तहसीलदार जयेंद्र देवांगन, खाद्य निरीक्षक गुलशन ठाकुर, मंडी निरीक्षक जितेन्द्र दुबे और दीपक सरफे शामिल थे। पकड़े गए धान को ट्रक सहित जब्त कर थाने में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। जांजगीर-चांपा में अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए विशेष अभियान इधर, एक दिन पहले जांजगीर-चांपा जिले में भी अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए विशेष अभियान के तहत बड़े पैमाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई है। चांपा मंडी समिति क्षेत्र में तीन किसानों से 139 क्विंटल धान जब्त किया गया। कृषि उपज मंडी समिति नैला के मंडी सचिव ने जानकारी दी कि व्यापारी और किसानों द्वारा अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कुल 560 क्विंटल धान को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अवैध कब्जे का मामला
एक दूसरे मामले में, सरकार द्वारा उद्योग के लिए अधिग्रहित और अभिलेखों में शासन के नाम दर्ज भूमि पर अवैध कब्जा कर धान की खेती की गई थी। इस भूमि से 40 क्विंटल अवैध धान का परिवहन करते हुए पकड़ा गया और उसे जब्त कर लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *