छत्तीसगढ़ में अब किसी भी ज्वेलरी शॉप में अब बुर्का, नकाब या घूंघट पहनकर आने वालों को सोने-चांदी की दुकानों में एंट्री नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही हेलमेट पहनकर आने वाले पुरुषों की भी एंट्री बैन की गई है। नवापारा-राजिम में हाल ही में हुई सर्राफा लूट की घटना के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने यह कड़ा फैसला लिया है। एसोसिएशन का अंदेशा है कि सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों की वजह से आने वाले दिनों में ऐसी घटनाएं होंगी। एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की लूट की घटनाओं में पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगालती है और वारदात में शामिल आरोपी की पहचान नहीं होने से अपराधी को पकड़ने में अक्षम रहते हैं। इस वजह से अगर कोई भी कस्टमर ज्वेलरी शॉप में आता है तो अपनी पहचान के साथ आए। इसलिए कोई भी कस्टमर जो घूंघट, बुर्का या हेलमेट पहनकर दुकान में आता है उसे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एसोसिएशन के इस फैसले का पालन छत्तीसगढ़ के पूरे व्यवसायी करेगी। इससे पहले बिहार और उत्तर प्रदेश ज्वेलर्स एसोसिएशन ने भी बुर्का, नकाब, घूंघट और हेलमेट पहनकर ज्वेलरी शॉप में एंट्री बंद कर दी है। नवापारा राजिम में ज्वेलरी शॉप में लूट, सर्राफा व्यापारियों में असुरक्षा बतादें कि गरियाबंद के नवापारा राजिम में ज्वेलरी शॉप में करीब एक करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गई। चोरी किए गए आभूषणों में 90 ग्राम सोना, 40 किलो चांदी और 2 लाख रुपये नकद शामिल हैं। इस घटना से प्रदेशभर के स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। चोरी की घटना के बाद सर्राफा एसोसिएशन ने बुलाई इमरजेंसी बैठक ज्वेलरी शॉप्स में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई थी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने की। इसमें सुरक्षा मानकों पर गहन चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। हेलमेट या बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप में आने वालों पर लगाया बैन एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार, अब प्रदेश की किसी भी सर्राफा दुकान में हेलमेट या बुर्का पहनकर आने वाले व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस कदम का उद्देश्य सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की पहचान को स्पष्ट करना और आपराधिक गतिविधियों को रोकना है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने सभी व्यापारियों से अपनी दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस व एसोसिएशन को देने की अपील की है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से भी सर्राफा व्यापारियों को उचित सुरक्षा कवर प्रदान करने तथा नवापारा लूटकांड के दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया और सुरक्षा व्यवस्था पर अपने सुझाव दिए। उपस्थित पदाधिकारियों में प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, प्रकाश गोलचा (बिलासपुर), हर्षवर्धन जैन (रायपुर), प्रदीप घोरपोड़े (रायपुर), संजय कुमार कनुगा (रायपुर), उत्तम चंद भंडारी (दुर्ग), पवन अग्रवाल (बिलासपुर), राजू दुग्गड़ (बस्तर) और राजेश सोनी (सरगुजा) शामिल थे। चोर ने बुर्का पहन ज्वेलरी शॉप में घुसने की कोशिश की एक महीने पहले अंबिकापुर के व्यस्ततम सदर रोड स्थित जगदंबा आभूषण भंडार में चोरी की कोशिश हुई थी। चोर ने पहचान छुपाने के लिए बुर्का पहन रखा था और दुकान के बगल में स्थित एक निर्माणाधीन भवन के रास्ते भीतर घुसने की कोशिश की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दुकान से सटे बन रहे भवन का सहारा लिया और दुकान की पहली मंजिल तक पहुंचने में कामयाब रहा। हालांकि, वह मुख्य दुकान तक नहीं पहुंच सका। इस दौरान दुकान के भीतर हुई हलचल और शोर के कारण आसपास के लोगों को भनक लग गई। खुद को घिरता देख चोर मौके से फरार हो गया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में बुर्का पहने संदिग्ध की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। दुकान संचालक के अनुसार, चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया। ज्वेलरी शॉप में 13 लाख के सोने-चांदी की लूट छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक ज्वेलरी शॉप से 13 लाख की लूट हो गई। 2 नकाबपोश लुटेरों ने व्यापारी को पिस्टल दिखाई और फिर सोने-चांदी के ज्वेलरी लूट कर ले गए। इसका CCTV वीडियो भी सामने आया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। वीडियो में 1 चोर दुकान मालिक पर बंदूक ताने हुए, दूसरा चोर सामान भरते नजर आ रहा है। वहीं, शॉप के सोफे में एक बच्ची भी लेटी हुई थी। जिसे चोरों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। वहीं, घटना के 3 घंटे बाद ही पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों ने कुल 12 लाख 80 हजार का सामान लूटा था। …………………………………….. क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें ज्वेलरी शॉप में 13 लाख के सोने-चांदी की लूट…VIDEO:एक ने पिस्टल तानी, दूसरा गहने भरता रहा; MP से दोस्तों को बुलाकर वारदात, 3 अरेस्ट लूट की वारदात का मुख्य आरोपी सुकमा का रहने वाला अंकित राय (18) है। जिसने मध्यप्रदेश के भिंड के रहने वाले अपने 2 साथी कोमल सिंह (22) और आर्यन रैपुरिया (22) को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के पहले आरोपियों ने 3 दिन तक दुकान की रेकी की थी। चोरी के बाद सब एमपी भागने के फिराक में थे। पढ़ें पूरी खबर…


