छत्तीसगढ़ में 24 घंटे में 5 अलग-अलग हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। सारंगढ़ बिलाईगढ़ में नशे में धुत ड्राइवर ने तेज रफ्तार कार से ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में कांग्रेस नेता और टीचर की मौत हो गई। टीचर की लाश स्टीयरिंग में फंसी रही। मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र का है। वहीं दूसरा मामला बलरामपुर रामानुजगंज जिले में ट्रैक्टर से बाइक सवार 2 युवकों कुचल दिया। दोनों की मौत हो गई। अंबिकापुर में तेज रफ्तार बाइक ट्रक से जा टकराई, जिससे एक युवक की जान चली गई। वहीं रायगढ़ में ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि दुर्ग में एक महिला को ट्रक ने रौंद दिया। पढ़िए इस रिपोर्ट में क्रिसमस के दिन कब, कहां और कैसे हादसा हुआ ? केस 1- सारंगढ़ बिलाईगढ़ में 2 लोगों की मौत पहला मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का है। कार सवार कांग्रेस नेता यशवंत कुमार टंडन (37) और शिक्षक रूपेंद्र कुमार देवांगन (35) भटगांव की ओर से बिलाईगढ़ आ रहे थे। दोनों नशे में थे। इसी दौरान बिलाईगढ़ से धान लोड कर एक ट्रक सरसीवां की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि दुम्हारी मोड़ के पास कार बेकाबू होकर ट्रक में जा घुसी। ट्रक भी स्पीड में थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार कांग्रेस नेता और टीचर की मौके पर मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान टीचर रूपेंद्र कुमार देवांगन की लाश ड्राइवर सीट पर स्टीयरिंग में फंसी रही। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से लाश को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। रूपेंद्र कुमार देवांगन सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ थे। दोनों बिलाईगढ़ के रहने वाले थे। पढ़ें पूरी खबर… केस 2- अंबिकापुर में खड़ी ट्रक में जा घुसे बाइक सवार अंबिकापुर में 25 दिसंबर की रात नमनाकला रिंग रोड पर 2 युवक बाइक से गांधी चौक से बस स्टैंड की तरफ तेजी से जा रहे थे। नमनाकला में गुड लक मोटर्स के सामने एक ट्रक खड़ा था। तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। मृतकों की पहचान फुंदुरडिहारी निवासी मेल प्रकाश तिर्की (26) और महुआपारा निवासीबृजेश लकड़ा (25) के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर… केस 3- बलरामपुर में ट्रैक्टर-बाइक की भिंड़त, 2 युवकों की मौत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सनवाल इलाके में 25 दिसंबर की दोपहर करीब 3 बजे 3 युवक बाइक से डिंडो से सनवाल की ओर जा रहे थे। डिंडो हाई स्कूल के पास उनकी बाइक की विमलापुरम-सनवाल रोड से आ रहे एक ट्रैक्टर से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दौरान 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर हालत में है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेलमेट भी टूट गए। यह हादसा इसलिए हुआ, क्योंकि सड़क के एक तरफ रेत और दूसरी तरफ धान का पुआल पड़ा है। इससे सड़क संकरी हो गई थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान सुखलेश (21) बलरामपुर के ग्राम सनवाल निवासी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे का नाम राजनाथ (30) बलरामपुर के ग्राम सनवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पढ़ें पूरी खबर… केस 4- रायगढ़ में गाड़ी में दबा ट्रेलर चालक, मौत रायगढ़ जिले के रानीसागर के पास 25 दिसंबर की रात लगभग 9:30 बजे दो ट्रेलरों की टक्कर में एक ट्रेलर ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक, मोदेश मिस्त्री (31) बिहार के औरंगाबाद का रहने वाला था। शव को लेने के लिए परिजन बिहार से आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक एक तेज रफ़्तार ट्रेलर चौधा चौक की तरफ से आ रहा था, तभी वह रानीसागर की तरफ से आ रहे दूसरे ट्रेलर से टकरा गया। हादसे के बाद ड्राइवर केबिन में फंस गया था। बाद में उसे क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। पढ़ें पूरी खबर… केस 5- दुर्ग में काम पर निकली महिला को ट्रक ने रौंदा दुर्ग शहर के पुलगांव चौक पर शुक्रवार (26 दिसंबर) सुबह करीब 7 बजे काम पर जा रही महिला को ट्रक ने रौंद दिया । हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद चौक पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित भी हुआ था। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान कोल्हापुरी निवासी उत्तरा (50) के रूप में हुई है। वह केपीएस स्कूल में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थीं। उत्तरा रोज की तरह सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थीं। पढ़ें पूरी खबर… ………………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… 2 बाइक की टक्कर से युवक की मौत का LIVE-VIDEO: सड़क पर 20 मीटर घिसटाया, सिर-पैर में चोट से बहा खून, मोड़ पर हुआ हादसा छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 2 बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार शख्स गंभीर रूप से घायल है। हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया है। मामला बरमकेला थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…


