लुधियाना| चंडीगढ़ रोड स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के सामने सुबह चोरों ने चार दुकानों को निशाना बनाया। इनमें से दो दुकानों से चोर नकदी चोरी कर ले गए, जबकि बाकी दो दुकानों में सामान बिखरा मिला, लेकिन वहां से कुछ हाथ नहीं लगा। घटना की शिकायत पीड़ित दुकानदारों ने जीवन नगर चौकी पुलिस को दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जानकारी देते हुए दुकान मालिक संजय कुमार ने बताया कि सुबह जब वह अपनी दुकान पर पहुंचे तो शटर सही सलामत था, लेकिन अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला टूटा हुआ मिला। इससे उन्हें चोरी का शक हुआ। जब उन्होंने स्टोर रूम की जांच की तो वहां लगा डीवीआर गायब मिला। संजय कुमार ने आसपास के दुकानदारों को जानकारी दी तो पता चला कि पास की अन्य दुकानों में भी इसी तरह चोरी की कोशिश की गई है। कुल चार दुकानों को निशाना बनाया गया। इनमें दो दुकानों से चोरों को कुछ नहीं मिला, जबकि सिटी मेडिकल स्टोर से करीब 5 हजार रुपए और लकी स्वीट शॉप से करीब 12 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए गए। सभी दुकानों के शटर सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि चोर दुकान के पीछे से दीवार फांदकर या छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। घटना की शिकायत जीवन नगर चौकी में दर्ज कर ली गई है। सूचना मिलते ही चौकी जीवन नगर पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


