भास्कर न्यूज | बालोतरा शहर के डीआरजे राजकीय कन्या कॉलेज में बुधवार को नवाचार, प्लेसमेंट सेल व नांदी फाउंडेशन की ओर से सॉफ्ट स्किल्स व कम्यूनिकेशन स्किल्स विषय पर छह दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. भूराराम ने की। संचालन नवाचार व प्लेसमेंट सेल प्रभारी रंजना के निर्देशन में किया गया। प्राचार्य ने छात्राओं को प्रमाण-पत्र व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्राचार्य डॉ. भूराराम ने कहा कि इस वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को रोजगारपरक कौशल देकर उन्हें नौकरी के योग्य बनाना है। छह दिवसीय प्रशिक्षण में छात्राओं ने बॉडी लैंग्वेज, प्रोफेशनल ग्रूमिंग, ग्रुप डिस्कशन, साक्षात्कार कौशल, रोजगार के अवसर व कॅरियर में अंग्रेजी भाषा की उपयोगिता समस्या समाधान व क्रिटिकल थिंकिंग जैसे विषयों पर विस्तार से सीख प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला छात्राओं को संचार कौशल और कौशल विकास के क्षेत्र में नवीनतम जानकारी और तकनीकों से परिचित कराने का सफल प्रयास रही है। संचार व कौशल विकास आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इन कौशलों को सीखकर छात्राएं अपने लक्ष्यों व सपनों को साकार कर सकेगी। अपने जीवन में सफलता प्राप्त करने में सक्षम होगी। नांदी फाउंडेशन की ओर से प्रशिक्षण दे रहे प्रशिक्षक शालिनी दुबे ने छात्राओं को सिखाया कि साक्षात्कार और किसी औपचारिक परिचय के दौरान स्वयं को किस प्रकार प्रस्तुत किया जाए ताकि प्रभावी इम्प्रेशन बन सके। उन्होंने बताया कि प्रभावी संचार में सिर्फ बोलना ही नहीं, बल्कि सुनना, समझना और नॉन वर्बल कम्यूनिकेशन जैसे बॉडी लैंग्वेज, चेहरे के भाव व आंखों का संपर्क भी अत्यंत आवश्यक हिस्से हैं। प्रशिक्षण में टीम नेतृत्व, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, प्राथमिकता तय करने की कला, समस्याओं की पहचान, उनका विश्लेषण व समाधान से जुड़े कौशलों पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रभारी रंजना ने बताया कि शिविर में 60 छात्राओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के आधार पर चयनित तीन श्रेष्ठ छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। संचालन नवाचार व प्लेसमेंट सेल सदस्य शालिनी दुबे ने किया। इस अवसर पर डॉ. कमलदेव चौधरी, डॉ. गुलाब वैष्णव, डॉ. नदीन खां, डॉ. भरत कुमार आर्य, संतोष पटेल, संगीता, राहुल पटेल, कृष्णा, रंजना दिनेश कुमार, प्रवीण कुमार, कविता पंवार, चेतना चौधरी, जुगल किशोर, किशोर कुमार आदि मौजूद रहे।


