कोरबा | गवर्नमेंट मिडिल स्कूल विजयनगर में शाला प्रबंधन समिति द्वारा शाला पालक शिक्षक बैठक आयोजित की गई। प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने स्कूल की त्रैमासिक गतिविधियों, शाला विकास कार्यक्रम की जानकारी दी। साथ ही अवकाश के दिनों में हाई, मिडिल व प्रायमरी स्कूल परिसर में लगे बोर पंप की चोरी, कनेक्शन में तोड़ फोड़ से हुए नुकसान की भी जानकारी दी। उन्होंने ऐसे लोगों पर नगर रखने की बात पालकों व ग्रामीणों से कही। प्राचार्य नीलू अवस्थी ने राज्य छात्रवृत्ति कक्षा 3 से 10वीं के लिए शासन के नवीन निर्देश के तहत छात्रों के बैंक पासबुक या माता पिता के बैंक खातों की आधार शिडिंग व राशनकार्ड में बच्चों के नाम नहीं होने की स्थिति में खाद्य विभाग में नाम जुड़वाने व ई-केवाईसी की जानकारी पालकों को दी। पालकों ने अर्धवार्षिक परीक्षा के साथ-साथ कौशल बोध सह स्मार्ट क्लास, कृति व पुस्तकालय कक्ष तथा खेल-यात्रा कक्ष का अवलोकन किया। नवाचारी प्रयोग के लिए प्रधान पाठक सर्वेश सोनी की सराहना की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पालकों के साथ शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष धजाराम चौहान, उपाध्यक्ष चंद्रभवन सिंह कंवर, संकुल प्राचार्य नीलू अवस्थी व जनपद सदस्य भैयाराम कंवर व शिक्षिका पुष्पलता महेश आदि उपस्थित रहे।


