राजगढ़|जिले के छात्रवृत्ति कार्यों की ब्लॉकवार समीक्षा बैठक कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में सभी बीईओ और विद्यालय प्राचार्यों से प्रगति रिपोर्ट ली गई। अनुपस्थित प्राचार्यों के वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। समीक्षा में निर्णय लिया गया कि जिन निजी विद्यालयों ने छात्रवृत्ति प्रोफाइल नहीं भरा या ओटीआर में प्रदर्शन कम रहा है, उन्हें 7 दिनों में सुधार करना होगा। समय पर सुधार न होने पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। बीईओ को अगले 3 दिनों में उन विद्यार्थियों की सूची प्रस्तुत करने को कहा गया जिनके आधार, समग्र आईडी या जाति प्रमाण-पत्र अपूर्ण हैं। पेंडेंसी वाले विद्यालयों के प्राचार्यों की वेतन प्रक्रिया रोकने के निर्देश भी दिए गए। जाति प्रमाण-पत्र संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए सभी एसडीएम को विशेष शिविर आयोजित कर प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।


