मंदसौर में पीएम एक्सीलेंस पीजी कॉलेज के प्राचार्य राजकपूर वर्मा के खिलाफ एबीवीपी से जुड़े स्टूडेंट्स ने आज (शनिवार) प्रदर्शन कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग पर करीब तीन घंटे चक्काजाम भी किया। इस वजह से एक तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी और पुलिस बल तैनात किया गया। समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी छात्र माने और चक्का जाम खुलवाया गया। छात्रों ने लीड कॉलेज के प्राचार्य आर सी वर्मा का पुतला भी दहन किया। कॉलेज की एक छात्रा ने प्राचार्य के खिलाफ वाईडी नगर थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई है। आरोप- छात्राओं से जींस-टॉप में आने का कहते हैं
स्टूडेंट्स ने आरोप लगाया कि प्राचार्य आर.सी. वर्मा छात्राओं से जींस-टॉप में आने और और साथ में रील्स बनाने का भी कहते हैं। इसके साथ ही वे गीता पढ़ने से रोकते हैं।
एबीवीपी छात्र संयोजक विजय ने कहा कि लीड कॉलेज के प्राचार्य अपनी मर्यादा भूल गए हैं। छात्राओं से नृत्य करवाना चाहते हैं। वे हिंदू धर्म के पवित्र ग्रंथ गीता को पढ़ने के लिए मना करते हैं। ड्रेस कोड लागू करने की मांग
एक अन्य छात्रा निशा जैन ने कहा, जींस टॉप पहनना गलत नहीं है लेकिन प्राचार्य ने जिस अंदाज में बोला है वह गलत है। वे अकसर कहते हैं कि गीता नहीं पढ़ना चाहिए। गीता का ज्ञान नहीं बांटना चाहिए यह हमारे धर्म के खिलाफ है। उन्हें हमारे सनातन के बारे में गलत बोलने का कोई अधिकार नहीं है। हम चाहते हैं कि कॉलेज में ड्रेस कोड लागू हो, ताकि जो बाहरी तत्व आते हैं उनका भी पता लगाया जा सके। प्रदर्शन के दौरान की तस्वीरें…


