धार के नौगांव थाना क्षेत्र स्थित कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं ने सोमवार को पूर्व प्रिंसिपल संतोष कुमार को एक बार फिर पदस्थ करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब 70 से 80 छात्राएं पैदल रैली निकालकर धार कलेक्टर बंगले के सामने पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। छात्राओं का आरोप है कि वर्तमान प्रिंसिपल ममता सोलंकी के पदभार संभालने के बाद से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार, 10वीं और 12वीं कक्षा की प्री-बोर्ड परीक्षाएं समय पर नहीं हो पा रही हैं, नियमित टेस्ट बंद हो गए हैं और पढ़ाई भी पहले की तरह सुचारू नहीं चल रही है। छात्राएं बोलीं- भविष्य दांव पर लग गया
छात्राओं ने यह भी बताया कि टाइम-टेबल भी सही तरीके से तय नहीं हो पा रहा है, जिससे उनका भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रिंसिपल संतोष कुमार के कार्यकाल में पढ़ाई, परीक्षाएं और आंतरिक मूल्यांकन पूरी तरह व्यवस्थित थे, लेकिन वे वर्तमान व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि पूर्व प्रिंसिपल पर कुछ आरोप लगे थे, जिनकी जांच विभागीय समिति द्वारा की जा रही है। जांच प्रक्रिया के चलते उन्हें वर्तमान में पद से पृथक किया गया है। एसडीएम गुप्ता ने यह भी बताया कि छात्राओं का कहना है कि पूर्व प्रिंसिपल पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। प्रशासन की ओर से छात्राओं को आश्वासन दिया गया कि मामले की जांच जारी है, लेकिन फिलहाल उनकी पढ़ाई सबसे महत्वपूर्ण है। इस आश्वासन के बाद छात्राओं ने धरना समाप्त किया और उन्हें वापस विद्यालय भेज दिया गया।


