भास्कर न्यूज | जशपुरनगर राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जशपुर के मार्गदर्शन में तालुका विधिक सेवा समिति बगीचा द्वारा शासकीय कन्या हाई स्कूल बगीचा में एक दिवसीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। 1 जनवरी को आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता तालुका विधिक सेवा समिति बगीचा की अध्यक्ष अंकिता यदु रहीं। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण का अधिकार हमारे मौलिक अधिकारों से सीधे जुड़ा हुआ है और इसके संरक्षण के लिए सभी को सजग रहना आवश्यक है। अंकिता ने अपने संबोधन में पर्यावरण प्रदूषण के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए जल, वायु और भूमि प्रदूषण से होने वाली समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य देने के लिए आज से ही प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना जरूरी है।शिविर के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध है। उन्होंने कानूनी समस्याओं के समाधान हेतु विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया, जिससे छात्राएं अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक हो सकें।


