चाईबासा| महिला कॉलेज की छात्रा से बैग छिनतई करने के आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने सोमवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि कुमार साव है। वह सदर थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी नीमडीह का रहने वाला है। उसके यहां से छिना गया एक बैग समेत उसमें रखा एक मोबाइल, ₹3000 नकद राशि व अन्य दस्तावेज बरामद कर लिया गया है। वहीं घटना को अंजाम देने में उपयोग किए ग्लैमर मोटरसाइकिल जेएच06जी – 3700 को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी रवि कुमार साव पूर्व में भी लूट कांड में जेल जा चुका है। मालूम हो कि 20 दिसंबर को दिनदहाड़े बाइक पर सवार एक अपराधी ने साइकिल चलाकर महिला कॉलेज जा रही छात्रा से बैग छीन कर फरार हो गया था। घटना दोपहर करीब 12 बजे सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी स्थित हीरो मोटरसाइकिल सर्विसिंग सेंटर के सामने घटी थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बांधपाड़ा की ओर भाग निकला। पीड़िता ने सीसीटीवी कैमरे से जांच कर उस व्यक्ति की पहचान की। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि वह व्यक्ति छात्रा के बैग को बाइक के आगे रखा हुआ है। उस बैग में बीए सेमेस्टर 1 से सेमेस्टर 3 के मूल कागजात समेत एक मोबाइल, ₹3000 नकद, किताब व कापी थी।


