छात्रा हेमाद्री को मिलेगा राज्य वीरता पुरस्कार

ग्राम मटिया (अर्जुंदा) में 2 अक्टूबर 2025 को तालाब में डूबे कक्षा पहली के छात्र ईशान यादव को अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर जान बचाने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा हेमाद्री चौधरी को राज्य स्तरीय वीरता पुरस्कार मिलेगा। 26 जनवरी को रायपुर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में यह पुरस्कार देकर राज्यपाल सम्मानित करेंगे। प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रुपए का चेक, प्रशस्ति पत्र, मेडल दिया जाएगा। छात्रा की साहसिक कार्य को दैनिक भास्कर ने बाल दिवस पर 14 नवंबर 2025 को प्रकाशित किया था। जिसके बाद परिजनों व शाला प्रबंधन ने खबर कटिंग संलग्न कर आवेदन किया था। प्रदेशभर से कई आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने साहसिक प्रेरणादायक काम को मान्यता देते हुए राज्य वीरता पुरस्कार 2025 के लिए छात्रा का चयन किया। राज्य शासन के पहले स्थानीय स्तर पर ग्रामीण, छात्र के परिजन और बाल दिवस पर स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रबंधन अर्जुंदा छात्रा को सम्मानित कर चुकी है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि राज्य वीरता पुरस्कार के लिए जिले से एक छात्रा हिमाद्री का चयन हुआ है। जो जिलेभर के लिए गर्व की बात है। छात्रा ने खुद की जान को जोखिम में डालकर छात्र को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। तालाब में भरा था 7 फीट पानी छात्रा हेमाद्री ने बताया कि 2 अक्टूबर दशहरा के दिन कोठार में सहेलियों के साथ रावण का पुतला बना रहे थे। इस दौरान 10 वर्षीय पूरब यादव आया और बताया कि छोटा भाई 6 वर्षीय कक्षा पहली का छात्र ईशान यादव तालाब में डूब गया है। पानी में किसी प्रकार की हलचल नहीं हो रही है। जिसके बाद मैं 7 फीट पानी भरे तालाब में कूदी और उसे बाहर निकाला। वहां से उनके घर ले गए। परिजनों ने निजी डॉक्टर को दिखाया फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा ले गए। वहां एक डॉक्टर ने तत्काल ऑक्सीजन लगाया। गंभीर स्थिति को ध्यान में रखकर परिजन भिलाई के अस्पताल में ले गए। शंकराचार्य जुनवानी हॉस्पिटल में एक सप्ताह तक आईसीयू वार्ड में छात्र भर्ती रहा। डॉक्टरों के प्रयास से रिकवर होकर स्वस्थ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *