रीवा तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने सड़क पार कर रहे 12 वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्चा बाइक में फंस गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए भागने की कोशिश की। पूरी वारदात बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, गौरा रोड मार्केट में किराए के मकान में रहने वाला आयुष तिवारी कोचिंग क्लास जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद आयुष बाइक में फंस गया और बाइक सवार उसे घसीटते हुए ले गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सदमे में चला गया। देखिए तस्वीरें लोगों ने बाइक को रोकने की कोशिश की
घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक को रोकने की कोशिश की। लोगों के प्रयास से बाइक की रफ्तार धीमी हुई और संतुलन बिगड़ने पर बच्चा बाइक से अलग हो सका। हालांकि, तब तक वह घायल हो चुका था। इस खौफनाक दृश्य को देखकर बाजार में मौजूद लोग दहशत में आ गए। सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि तुरंत चालकों को पकड़ पाना संभव नहीं हो सका। घटना की सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि यह मामला जानबूझकर किए गए कृत्य या नशे में हुई दुर्घटना—दोनों एंगल से जांच में है।


