बिजुरी | रामकृष्ण विवेकानंद विद्यापीठ (आरकेवीवी), क्षेत्र में विद्यालय स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गीत से हुई। समारोह में राजस्थानी लोकनृत्य, मंचीय नाट्य एवं संगीत प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि रामकृष्ण मिशन, बिलासपुर के सचिव सेवावृतानंद ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाने और शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों तथा सेवा भावना के विकास पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि स्वामी जनार्दन ने विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था और विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की। सेवा समिति आश्रम कोनी के डॉ. ओंकार शर्मा, प्रबंधन समिति के सचिव सतीश कुमार द्विवेदी, सुरेश चंद्राकर और प्राचार्य शुभाशीष रथ भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों को सराहा। छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति दी। अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य शुभाशीष रथ ने आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की सांस्कृतिक और नैतिक शिक्षा की प्रतिबद्धता दोहराई।


