छात्र श्रियांश दुबे व आनंद प्रकाश इसरो में पहुंचकर वैज्ञानिक तथ्यों से होंगे रूबरू

भास्कर न्यूज | कवर्धा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महराजपुर कवर्धा के दो विद्यार्थियों का चयन इसरो के युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (युविका) 2025 के लिए हुआ है। प्राचार्य सुशील कुमार ने बताया कि कक्षा दसवीं के श्रियांश दुबे और आनंद प्रकाश चंद्रवंशी का चयन इस प्रतियोगिता में हुआ है। दोनों छात्र पूर्व में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में राष्ट्रीय स्तर के लिए भी चयनित हो चुके हैं। अब इन्हें भारत के विभिन्न इसरो केंद्रों में दो सप्ताह के लिए भ्रमण और वैज्ञानिक तथ्यों को सीखने का अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में देशभर से 350 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इनमें छत्तीसगढ़ से 10 छात्र चुने गए हैं। इनमें से दो छात्र पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महराजपुर कवर्धा से हैं। विज्ञान शिक्षक मनोज पुषाम और रेणू ने बताया कि दोनों छात्रों में पढ़ाई के साथ वैज्ञानिक शोध की भी गहरी रुचि है। इसके साथ प्राचार्य सुशील कुमार नेचयनित हुए दोनों छात्रों और विज्ञान विभाग के शिक्षकों को प्रेरित भी किया। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को ऐसे अवसरों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। इस आधार पर किया गया चयन प्राचार्य ने बताया कि छात्रों के चयन का आधार कक्षा 8वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी में भागीदारी, खेलकूद प्रतियोगिताओं में सफलता और इसरो की ऑनलाइन क्विज में श्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए छात्रों को 24 फरवरी से 23 मार्च तक अपनी जानकारी सबमिट करनी थी। इसमें निजी सहित सभी शासकीय स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। यह प्रतियोगिता बच्चों को विज्ञान के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने हर साल आयोजित किया जाता है। केन्द्रीय विद्यालय में बच्चों के लिए हर साल पढ़ाई के साथ ही विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, ताकि पढ़ाई के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी आगे रहे। प्राचार्य ने बताया कि बच्चों को खेल, डांस, संगीत, विज्ञान से संबंधित जानकारी भी देते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *