बुढ़मू थाना क्षेत्र छापर स्थित रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पतरातू थाना क्षेत्र के ग्राम हफुआ निवासी मोहम्मद इरफान अंसारी के पुत्र इबरार अंसारी उर्फ पीयूष के रूप में की गई है। बताया जाता है कि जहां युवक का शव मिला, वह स्थान शनिचर बाजार से मात्र लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। परिजनों ने युवक की हत्या करने की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलते ही बुढ़मू थाना के सब इंस्पेक्टर प्रभास कुमार रवानी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


