छिंदवाड़ा कलेक्टर कार्यालय परिसर में कर्मचारियों द्वारा फिल्मी गाने पर रील बनाने का मामला सामने आया है। नए साल के मौके पर कार्यालय की पार्किंग में 34 कर्मचारियों ने फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘रहमान डकैत की एंट्री’ पर डांस किया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में 12 पुरुष और 22 महिला कर्मचारी नजर आ रहे हैं। सरकारी दफ्तर में इस तरह के आयोजन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 1 मिनट 20 सेकंड का है वीडियो
दैनिक भास्कर डिजिटल को मिली जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो करीब 1 मिनट 20 सेकंड का है। रील कलेक्टर कार्यालय की पार्किंग में शूट की गई है। इसमें कार्यालय के कई प्रमुख कर्मचारी भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। नए साल की बधाई के दौरान बनाई रील
बताया जा रहा है कि यह रील नए साल के मौके पर एक-दूसरे को बधाई देने के दौरान बनाई गई थी। हालांकि, सवाल यह उठ रहा है कि क्या शासकीय कार्यालय परिसर इस तरह की रील और मनोरंजन गतिविधियों के लिए सही जगह है। सरकारी दफ्तरों में कार्य समय, अनुशासन और मर्यादा को लेकर स्पष्ट नियम होते हैं, जिनका इस वीडियो में उल्लंघन होता दिख रहा है।


