छिंदवाड़ा में अगले 10 दिन चलेगी शीतलहर:तामिया और कोयलांचल में 7 डिग्री पहुंचा पारा; न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट

छिंदवाड़ा जिले में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी का असर अब दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 10 दिनों तक शीतलहर जारी रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, आने वाले 48 घंटों में ठंड और तेज होगी और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। सोमवार की रात जिला मुख्यालय का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि तामिया और कोयलांचल क्षेत्रों में पारा फिसलकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लगातार गिरते पारे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ठंड बढ़ने से अस्पतालों में सर्दी, खांसी और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है। बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में तेजी से गिरावट से सांस संबंधी बीमारियों, जोड़ों के दर्द और हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने दी सलाह: घर पर रहने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ती ठंड को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा रोगियों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड से बचाव के जरूरी उपाय करें। कोयलांचल के तराई क्षेत्रों में रिकॉर्ड ठंड
कोयलांचल और परासिया के तराई क्षेत्रों में ठंड का असर और भी ज्यादा देखने को मिल रहा है। बीती रात यहां का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। बीएमओ (खंड चिकित्सा अधिकारी) ने कहा है कि अत्यधिक ठंड में हृदय रोगी और बीपी (रक्तचाप) के मरीज सुबह की सैर से बचें। यदि जरूरी हो तो वे घर के अंदर ही हल्का व्यायाम कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *