छिंदवाड़ा में अपने 3 शावकों के साथ दिखी बाघिन:तामिया के कुआबादला में मूवमेंट; गांवों में अलर्ट, किसानों ने खेत जाना छोड़ा

छिंदवाड़ा जिले के तामिया के पास कुआबादला क्षेत्र में एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ नजर आई है। बाघिन के मूवमेंट की पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। बाघिन की मौजूदगी की खबर से इलाके में दहशत है, जिसके चलते किसानों ने फिलहाल खेतों में जाना बंद कर दिया है। प्रशासन ने गांवों में अतिरिक्त सावधानी बरतने और लोगों को समूह में ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर निगरानी कर रही है। मंदिर क्षेत्र के पास नजर आया बाघिन का परिवार वन विभाग के मुताबिक, इन दिनों वन्यप्राणी गणना का कार्य अंतिम चरण में है। इसी दौरान कुआबादला के पास स्थित मंदिर क्षेत्र में बाघिन अपने तीन शावकों के साथ भ्रमण करती नजर आई। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद तामिया वन परिक्षेत्र के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। पुष्टि होते ही ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। पेंच-सतपुड़ा कॉरिडोर है यह इलाका वन कर्मियों के अनुसार, कुआबादला क्षेत्र पेंच और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बीच आने वाला कॉरिडोर है। यह इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां बाघ और तेंदुए की आवाजाही सामान्य मानी जाती है। पश्चिम वनमंडल के डीएफओ साहिल गर्ग ने बताया कि पूरे क्षेत्र में इस समय बाघ और तेंदुए दोनों की सक्रियता देखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है और वन अमले को नियमित गश्त और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। तेंदुए ने 5 बकरियां और एक बछड़ा मारा था तामिया क्षेत्र में ग्रामीण पहले से ही तेंदुए की गतिविधियों से डरे हुए हैं। हाल ही में चौरा पठार इलाके में तेंदुए ने पांच बकरियों का शिकार किया था। वहीं, तामिया की ब्लॉक कॉलोनी से करीब तीन किलोमीटर दूर तुलतुला मंदिर के पास भी तेंदुए ने एक बछड़े को मार दिया था। हालांकि इसके बाद तेंदुआ दोबारा नजर नहीं आया, लेकिन लगातार वन्यजीवों की गतिविधियों के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *