छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान पर रविवार रात को अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। जन जागरण मंच के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में रिनढाना हरियाणा की टीम ने आरसीसी भोपाल को 40- 31 से हराकर खिताब अपने नाम किया। आयोजन समिति के इंद्रजीत सिंह बैस ने बताया कि कबड्डी की चैंपियन बनी रिनढाना हरियाणा की टीम को एक लाख रूपए नकद और ट्राफी, उपविजेता आरसीसी भोपाल की टीम को 50 हजार रूपए नकद और ट्राफी दी गई। इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार शास्त्री क्लब सोनीपत और चौथे स्थान पर विक्रम स्पोर्ट्स इंदौर की टीम रही। जिन्हें 15-15 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया। हरियाणा के अक्षय बने बेस्ट रेडर अखिल भारतीय कबड्डी स्पर्धा में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाले रिनढाना हरियाणा के बाबा प्रेमदास के अक्षय कादयान और बेस्ट कैचर सुखजिन्दर पाल सिंह को 2100-2100 का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में जिले की 34 और देश की 14 टीमों ने हिस्सा लिया था। वहीं जिला स्तरीय कबड्डी स्पर्धा की विजेता रही खेल युवा कल्याण विभाग की टीम को पंद्रह हजार रुपए और ट्राफी, उपविजेता पीजी कॉलेज को दस हजार रुपए और ट्राफी दी गई। स्पर्धा में तीसरे स्थान पर फिजिकल एकेडमी घोघरी और चौथे स्थान पर रही जय जुन्नारदेव टीम को 2100-2100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। इस दौरान महंत नागेंद्र ब्रह्मचारी, पूर्व विधायक रमेश दुबे, चौधरी चंद्रभान सिंह, ताराचंद बाबरिया, नत्थन शाह कवरेती, अजय चोरे, नानाभाउ मोहोड़ मौजूद रहे। जन जागरण मंच के संयोजक रमेश पोफली ने सभी अतिथियों का सम्मान किया। चार दिवसीय कबड्डी महाकुंभ का समापन आयोजन समिति के इंद्रजीत सिंह बैस ने बताया कि छिंदवाड़ा में जनजागरण मंच लगातार 35 वे वर्ष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। आयोजन में देश की प्रतिष्ठित टीम हिस्सा ले चुकी हैं। इस साल 9 जनवरी से दशहरा मैदान में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया, जिसका समापन रविवार को देर रात हुआ।


