छिंदवाड़ा में कैश वैन ने पुलिस का CCTV पोल तोड़ा:सर्विलांस व्यवस्था ठप्प, लोगों ने कहा- नशे में था ड्राइवर; अब नुकसान की भरपाई

छिंदवाड़ा के धर्म टेकड़ी चौकी क्षेत्र के नरसिंहपुर नाके पर सोमवार देर शाम अफरा-तफरी मच गई। यहां सीएमएस कंपनी (बैंकों में कैश भरने वाली एजेंसी) की एक वैन ने सड़क किनारे लगे खंभे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूटकर सड़क पर गिर गया। यह खंभा पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए लगाया था, जिससे कैमरे और तार भी टूटकर नीचे आ गिरे। जानकारी के अनुसार, यह वाहन एटीएम में नकदी भरने का काम करता है, हालांकि हादसे के वक्त वैन में कैश नहीं था। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन में सवार लोग शराब के नशे में थे, जिस कारण यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम भी लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया। पुलिस ने वैन जब्त की, ड्राइवर से वसूलेगी नुकसान धर्म टेकड़ी चौकी प्रभारी निरीक्षक अविनाश पारधी ने बताया कि पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और उसे चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है। ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज किया जाएगा। साथ ही, टूटे हुए खंभे और सीसीटीवी कैमरों के नुकसान की वसूली भी वाहन चालक से की जाएगी। अवैध पार्किंग से नाराज लोग, कार्रवाई की मांग घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इलाके में दुकानों के सामने लोग लापरवाही से गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और आए दिन हादसों का डर बना रहता है। नागरिकों ने ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए और निगरानी बढ़ाई जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *