छिंदवाड़ा में पेंच टाइगर रिजर्व के बफर जोन से सटे इलाकों में बाघ का खौफ फिर जानलेवा साबित हुआ। जिले के किशनपुर खमरा गांव में बुधवार सुबह खेत पर काम करने गए एक किसान की बाघ के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। झाड़ियों में छिपा था बाघ जानकारी के मुताबिक, किशनपुर खमरा निवासी बलराम डेहरिया बुधवार सुबह करीब 6 बजे अपने खेत में पानी की मोटर चालू करने गए थे। खेत के पास झाड़ियों में बाघ पहले से छिपा बैठा था। जैसे ही बलराम वहां पहुंचे, बाघ ने उन पर झपट्टा मार दिया। हमला इतना जबरदस्त था कि किसान को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों को अकेले न निकलने की सलाह बाघ के हमले की खबर लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को खेतों और जंगल की तरफ अकेले न जाने और समूह में निकलने की सलाह दी है। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


