छिंदवाड़ा में ठंड बढ़ते ही निगम का रात्रि अभियान:खुले में सो रहे बेसहारा और फंसे यात्रियों को रातभर खोजकर रैन बसेरों में पहुंचाया

कड़कड़ाती ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर निगम छिंदवाड़ा ने शुक्रवार रात विशेष रात्रि अभियान चलाया। कलेक्टर हरेंद्र नारायण और नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देश पर निगम की टीम देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में निकली और खुले में सो रहे बेसहारा लोगों को तलाश कर सुरक्षित रूप से रैन बसेरों में पहुंचाया। अभियान रात लगभग नौ बजे से शुरू हुआ, जिसमें टीम ने स्टेशन रोड, बस स्टैंड, मुख्य मार्गों, फुटपाथों और बाजार क्षेत्रों का भ्रमण किया। ठंड के बीच खुले में सोते मिले व्यक्तियों को समझाइश देकर रैन बसेरों में शिफ्ट कराया गया। निगम ने बताया कि ऐसे लोगों को हीटर, गर्म बिस्तर और पीने के पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ निशुल्क ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। रात में कई ऐसे यात्री भी मिले, जो किसी वजह से अपनी बस या वाहन छूट जाने पर सड़क पर भटक रहे थे। निगम टीम ने उनसे बातचीत कर उनकी गंतव्य बसों का पता लगाया और सुरक्षित रूप से उन्हें संबंधित बसों में बैठाकर रवाना किया। टीम का कहना है कि ठंड बढ़ने के साथ ऐसे यात्रियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है, इसलिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। रात्रि निरीक्षण के दौरान नगर निगम ने शहर में लगाए गए अलावों की भी जांच की। कई स्थानों पर अलाव जलते हुए मिले, जबकि कुछ जगहों पर लोगों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त लकड़ी की व्यवस्था तुरंत कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि अलाव ऐसे स्थानों पर लगाए गए हैं, जहां देर रात सबसे अधिक जरूरतमंद लोग आश्रय लेते हैं। निगम ने यह भी सुनिश्चित किया कि अलाव सुरक्षित दूरी पर और लगातार जलते रहें ताकि ठिठुरन से लोगों को राहत मिल सके। इस पूरे अभियान का नेतृत्व निगम उपयुक्त आर.एस. बॉथम ने किया। उनके साथ जनसंपर्क अधिकारी अभिषेक गुप्ता, सिटी मैनेजर उमेश पयासी और निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने देर रात तक शहर में सर्च ऑपरेशन जारी रखा और कई लोगों को सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *