छिंदवाड़ा नगर निगम ने शहर में स्वच्छ और सुरक्षित पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को अहम फैसला लिया। निगमायुक्त सी.पी. राय ने समीक्षा बैठक में पानी से जुड़ी शिकायतों के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अब नागरिक कंट्रोल रूम के नंबर 7162222346 और महापौर हेल्पलाइन 7610203037 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा, शहर की 20 साल से ज्यादा पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और लीकेज का पता लगाने के लिए 7 दिन के भीतर सर्वे रिपोर्ट मांगी गई है। बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि पेयजल वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों पर आने वाली शिकायतों पर अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने और फील्ड स्तर पर तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 20 साल पुरानी लाइनें बदलेंगी, 7 दिन में सर्वे
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 7 दिन के भीतर पूरे शहर की पेयजल पाइपलाइनों का सर्वे कर रिपोर्ट दें। कोलीफॉर्म और आर्सेनिक की जांच हर हफ्ते
जल गुणवत्ता को लेकर भी निगम ने सख्ती दिखाई है। अब पानी में कोलीफॉर्म और आर्सेनिक की जांच हर हफ्ते अनिवार्य रूप से कराई जाएगी। वहीं, अन्य जरूरी वॉटर क्वालिटी टेस्ट रोजाना होंगे। अगर जांच रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी मिलती है, तो संबंधित इलाके में तुरंत सुधार किया जाएगा। हाउसिंग बोर्ड की टंकी की सफाई कराई
स्वच्छ जल आपूर्ति के तहत नगर निगम ने हाउसिंग बोर्ड चंदनगांव (वार्ड क्रमांक 34) स्थित पानी की टंकी की सफाई कराई। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के बाद शहर की टंकियों की सफाई पहले ही हो चुकी है। अब निर्धारित शेड्यूल (टर्मवाइज) के अनुसार टंकियों की सफाई का काम लगातार जारी रखा जाएगा।


