छिंदवाड़ा में नवरात्रि के दौरान दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार शाम खजरी तालाब में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व प्रशासन हरकत में आ गया। विसर्जन जुलूस के दौरान हादसा मृतक की पहचान राजकुमार (30) पिता मोहन लाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजकुमार अपने मोहल्ले के लोगों के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए खजरी तालाब गया था। जुलूस के दौरान ही वह तालाब में उतर गया और देखते ही देखते गहराई में चला गया। लोगों ने बचाने की कोशिश की घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राजकुमार को तालाब से बाहर निकाला और फौरन अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक का शव जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। नवरात्रि की खुशियां मातम में बदलीं हर साल की तरह इस बार भी मोहल्ले में धूमधाम से दुर्गा प्रतिमा स्थापित की गई थी और पूरे उल्लास के साथ विसर्जन जुलूस निकाला गया था। लेकिन यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छोड़ गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तालाबों में विसर्जन के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।


