छिंदवाड़ा में शराब भट्टी विवाद में खूनी संघर्ष:पार्षद समेत 4 घायल; गुलाबी गैंग और ठेकेदार के लड़के भिड़े, लाठी-डंडे और बैट चले

छिंदवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कुमारी मोहल्ला में शराब भट्टी हटाने को लेकर चल रहा विरोध सोमवार शाम हिंसक झड़प में बदल गया। शाम करीब 6 बजे गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि आधा दर्जन से ज्यादा युवकों ने बेसबॉल के बैट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में कांग्रेस पार्षद राहुल मालवी का सिर फूट गया। उनके अलावा एक महिला समेत कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुमारी मोहल्ले में शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर पार्षद राहुल मालवी के नेतृत्व में लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा अपनी टीम के साथ वहां पहुंच गईं। प्रदर्शन के बीच ही शराब ठेके के संचालक के लड़के भी वहां आ गए। दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पार्षद और कांग्रेस नेता के बीच भी हुआ विवाद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कहासुनी के बाद अचानक लाठियां और डंडे चलने लगे। हमले में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। इसी आपाधापी के बीच कांग्रेस पार्षद राहुल मालवी और कांग्रेस नेता अभिषेक गुप्ता के बीच भी विवाद हो गया। इस झड़प में राहुल मालवी घायल हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फुटेज के आधार पर जांच शुरू मारपीट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके के वीडियो फुटेज और चश्मदीदों की गवाही के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *