छिंदवाड़ा में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारी को लेकर नगर निगम ने गुरुवार को पूरे शहर में निरीक्षण और जागरूकता गतिविधियां बढ़ा दीं। होटल कैटेगरी में विस्तृत स्वच्छता मूल्यांकन किया गया, जबकि कई वार्डों में प्लास्टिक प्रतिबंध, कचरा पृथक्करण और स्वच्छता आदतों पर जागरूकता कार्यक्रम हुए। निगम की स्वच्छता टीम ने सुबह से ही विभिन्न इलाकों में निरीक्षण शुरू किया। अभियान की प्रमुख कड़ी होटल कैटेगरी का फील्ड मूल्यांकन रही। टीम ने वार्ड 48 के संजू का ढाबा, वार्ड 45 की अपनी रसोई और वार्ड 42 के होटल सिल्वर शाइन की जांच की। निरीक्षण में किचन की साफ-सफाई, भोजन तैयार करने की हाइजीन, वेस्ट मैनेजमेंट, जल निकासी, कर्मचारियों की स्वच्छ आदतें और कचरे के पृथक्करण की स्थिति देखी गई। टीम के अनुसार, फील्ड में मिले अंक आगामी स्वच्छ वार्ड रैंकिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वार्ड 33 में सामूहिक स्वच्छता शपथ इसी क्रम में वार्ड 33 में NCC कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने अपने वार्ड को साफ रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और गीला–सूखा कचरा अलग देने का संकल्प दोहराया। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं की भागीदारी से अभियान को जमीनी मजबूती मिलेगी। वार्ड 29-31 में प्लास्टिक प्रतिबंध पर जागरूकता वार्ड 29 के शैलपुत्री माता मंदिर क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक पर विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने दुकानदारों को इसके नुकसान और पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की जरूरत समझाई। इसी तरह वार्ड 31 के इतवारी बाजार में भी जागरूकता कार्यक्रम हुआ, जहाँ व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक न रखने और ग्राहकों को वैकल्पिक बैग अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। वार्ड 32 में कचरा पृथक्करण और ऐप की जानकारी वार्ड 32 के पोला ग्राउंड क्षेत्र में तीन गतिविधियाँ की गईं—चार-बिन कचरा पृथक्करण जागरूकता, स्वच्छता शपथ और स्वच्छता ऐप की जानकारी। टीम ने बताया कि वैज्ञानिक कचरा पृथक्करण से न सिर्फ सफाई बेहतर होती है बल्कि कचरे के निपटान की प्रक्रिया भी आसान बनती है। लोगों को ऐप पर शिकायत दर्ज करने की आसान प्रक्रिया भी समझाई गई। वार्ड 19 में जनजागरूकता कार्यक्रम वार्ड 19 में काली माता मंदिर के पास नागरिकों को गीला–सूखा कचरा अलग देने, आसपास सफाई बनाए रखने और प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने स्थानीय लोगों से अपने क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।


