छिंदवाड़ा: “श्रद्धा और सबूरी” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले श्री शिरडी साईं बाबा की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर सच्चिदानंद सेवा समिति, शिर्डी साईं मंदिर विवेकानंद कॉलोनी द्वारा आयोजित दिव्य रजत महोत्सव अपने समापन की ओर है। इसी क्रम में 18 जनवरी 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे शहर में एक भव्य एवं दिव्य विशाल साईं रथ यात्रा व शोभा यात्रा निकाली जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पिछले 25 वर्षों की अखंड साईं साधना, सेवा और समर्पण की जीवंत झलक होगी। इस दौरान काष्ठ से निर्मित भव्य रथ पर साईं बाबा विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रथ यात्रा रथ यात्रा का शुभारंभ शिर्डी साईं मंदिर, विवेकानंद कॉलोनी से होगा, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई छोटी बाजार स्थित शिर्डी साईं मंदिर में संपन्न होगी। यात्रा मार्ग को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है। समिति ने श्रद्धालुओं से अपने-अपने घरों के सामने रंगोली, स्वागत द्वार, दीप प्रज्वलन और पुष्प वर्षा कर साईं बाबा के स्वागत का आग्रह किया है। रथ यात्रा में भक्ति के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी अद्भुत संगम देखने को मिलेगा भगवान महाकाल की जीवंत झांकी (निर्माता: पियूष शर्मा), बिछुआ विकासखंड की आदिवासी सेला नृत्य प्रस्तुति (जय बजरंग मंडल, सिलोटा रैख्यतवाड़ी), श्री शिरडी साईं बाबा की चलित झांकी, जिसमें साईं लीलाओं का सजीव चित्रण, छिंदवाड़ा का प्रसिद्ध सरगम बैंड, साईं भजनों की भक्तिमय प्रस्तुति और यात्रा के दौरान पूजन-अर्चन, आतिशबाजी और प्रसाद वितरण की भी भव्य व्यवस्था की गई है। 25 वर्षों की अखंड सेवा का गौरवशाली इतिहास सच्चिदानंद सेवा समिति द्वारा 20 नवंबर 1999 को श्री शिरडी साईं बाबा की प्रतिमा स्थापना के साथ सेवा यात्रा की शुरुआत हुई थी, जो आज 25 वर्षों की अखंड साधना का प्रतीक बन चुकी है। मंदिर में प्रतिदिन काकड़ आरती से लेकर शैज आरती तक सभी परंपरागत पूजन विधियां नियमित रूप से संपन्न हो रही हैं। अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील समिति ने सभी साईं भक्तों, धार्मिक-सांस्कृतिक संस्थाओं, रामायण मंडलों, भजन मंडलों, महिला मंडलों एवं समाजसेवी संगठनों से आग्रह किया है कि वे तन-मन-धन से सहयोग कर इस ऐतिहासिक रजत महोत्सव के साक्षी बनें। पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष एसवी पुराणिक, उपाध्यक्ष जयंत बक्षी, सचिव शिव माटे, कोषाध्यक्ष देव राव उपासे एवं आनंद बक्षी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


