टीकमगढ़ के मातृधाम छिपरी में महाशिवरात्रि महोत्सव का मंगलवार को यज्ञ और पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर संत श्री रविशंकर महाराज ने छिपरी स्थित मां शारदा की पहाड़ी पर देवी अहिल्या बाई और निषादराज की 10 फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित कराने की घोषणा की। सात दिवसीय इस आध्यात्मिक महापर्व के दौरान महामृत्युंजय जाप, वैदिक अनुष्ठान, महामृत्युंजय यज्ञ, पूर्णाहुति, सामाजिक सरोकारों से जुड़े संकल्प और मातृशक्ति सम्मान जैसे आयोजन हुए। संत श्री रविशंकर महाराज ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। अनुष्ठान के समापन पर महिलाओं को साड़ियों का वितरण कर सम्मानित किया गया। महाराज ने बताया कि मातृधाम छिपरी और आसपास के गांवों के लोगों ने इस आयोजन में बेहतर सहयोग किया, जो इसकी वास्तविक शक्ति बना। उन्होंने कहा कि यह उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र की सामूहिक आस्था, एकता और समर्पण का जीवंत उदाहरण रहा। हवन पूजन और यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद महाराज रावतपुरा धाम के लिए रवाना हो गए।


