दमोह देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत एक गांव में महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की ओर से सही रिपोर्ट दर्ज न करने के आरोप में ग्रामीणों ने रविवार सुबह चौकी का घेराव किया। ग्रामीणों ने काफी देर तक हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आरोपी ने महिला के घर में घुसकर की छेड़छाड़ जानकारी के अनुसार, सागर नाका चौकी क्षेत्र में 15 दिसंबर की दोपहर एक महिला के साथ गांव के ही आशीष अहिरवार ने घर में घुसकर छेड़खानी की थी। महिला और उसकी सास ने घटना का विरोध किया, तो आरोपी ने सास पर हमला कर दिया और फरार हो गया। महिला ने सागर नाका चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराएं नहीं लगाईं और केवल धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया। सागर नाका चौकी पहुंचकर लोगों ने किया प्रदर्शन रविवार सुबह महिला के समर्थन में उसके समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। उन्होंने पंचायत करने के बाद सागर नाका चौकी पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि जब महिला के साथ दिनदहाड़े छेड़खानी हुई है और उसकी सास पर भी हमला किया गया है, तो पुलिस को छेड़छाड़ का मामला दर्ज करना चाहिए। अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की भी मांग प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की भी मांग की। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण अपने घरों की ओर लौट गए। देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा ने बताया कि महिला ने जिस प्रकार की शिकायत दर्ज कराई थी, उसी के अनुसार आरोपी पर मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि महिला के साथ छेड़खानी हुई है, तो उसे थाने बुलाकर बयान लेने के बाद उचित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।


