केरा | नवागढ़ विकास खण्ड अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत केरा में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक आस्था से जुड़े पर्व छेरछेरा के अवसर पर सरपंच संतोष कोसले द्वारा पंचायत कार्यालय भवन के सामने छेरछेरा दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छोटे बच्चों व युवा पीढ़ी को ससम्मान दान दिया गया। इस अवसर पर सरपंच संतोष कोसले ने छेरछेरा की परंपरा को सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए सभी ग्रामवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि छेरछेरा पर्व केवल दान का नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम है। कार्यक्रम में उपसरपंच, ग्राम पंचायत के वरिष्ठ पंच, गार्ड व ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


