भास्कर न्यूज | अमृतसर छेहर्टा के मरहिंया साइड कूड़ा डंप में पिस्तौल रिकवरी करने के दौरान फायरिंग मामले में काबू बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जो जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। टांग में गोली लगने से घायल आरोपी को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। आरोपी से एक पिस्तौल और कार बरामद की गई है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 22 दिसंबर को गुरु रामदास कॉलोनी, छेहर्टा निवासी जसपाल सिंह ने शिकायत दी थी कि दोस्त सिमरनजीत की दुकान पर था। पुराने विवाद और रंजिश के चलते आरोपी अमृतपाल सिंह अपने साथी हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी के साथ वहां पहुंचा। आरोपी ने उसपर जान से मारने की नीयत से 2 गोलियां चलाईं, जो उसके दोनों पैरों में लगीं। उसने पास के घर में घुसकर अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए थे। छेहर्टा पुलिस ने आरोपी अमृतपाल सिंह को इस्लामाबाद के इलाके से काबू किया। उसकी निशानदेही पर पिस्तौल बरामदगी के लिए पुलिस लेकर आई थी मगर आरोपी ने पिस्तौल निकालकर एएसआई जयबीर सिंह पर गोली चला दी। पुलिस टीम की सुरक्षा के लिए एएसआई तलविंदर सिंह ने सर्विस कार्बाइन से जवाबी फायर किया जो आरोपी के दाहिने पैर में लगा। सीपी ने बताया कि पता चला कि आरोपी बतौर डिलीवरी ब्वॉय काम करता है। उसकी उम्र 25 साल है। आरोपी पर पहले से एनडीपीएस का एक मामला एएनटीएफ एसएएस नगर में दर्ज हैं। वहीं उसका साथी हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी न्याना अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। सीपी ने बताया कि शिकायतकर्ता जसपाल पर भी एनडीपीएस के पहले से पर्चे हैं। जसपाल और अमृतपाल सिंह का पहले से ही झगड़ा चल रहा है। बीच में लोगों ने राजीनामा भी करवाया था, लेकिन फिर से इनके बीच विवाद शुरू हो गए थे।


