फाइनल आज, जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी और जस्टिस दीपक रोशन होंगे शामिल रांची| छोटानागपुर लॉ कॉलेज रांची में आयोजित एमएम बनर्जी राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को कैंपस पूरी तरह कानूनी माहौल में रंगा दिखाई दिया। देश के 16 राज्यों से पहुंची 32 टीमों ने न्यायालय की बेंच के समक्ष अपने-अपने विधिक तर्कों और प्रस्तुति के दम पर न्यायाधीशों को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की। पूरे दिन चली प्रतियोगिता में न्यायालय का गठन झारखंड उच्च न्यायालय के वरीय अधिवक्ताओं द्वारा किया गया। बेंच में रोहन कश्यप, सैयद रमीज जफर, अमन कुमार, अर्पिता भारद्वाज, नेहा पांडे, दीक्षा द्विवेदी, प्रवीण चंद्र, निखिल रंजन, श्रेष्ठ मेहता, ईशान आशीष, प्रत्यूषिता मेहा टुडू और शाहबाज अख्तर शामिल रहे। न्यायालय की ओर से प्रतिभागियों के तर्क, संदर्भ, तथ्यों की प्रस्तुति और कोर्ट मैनरिज्म के आधार पर चार टीमों का चयन सेमीफाइनल के लिए किया गया है। इन्हीं चार में से दो टीमें फाइनल में जगह बनाएंगी। रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल प्रतियोगिता होगी। इस अवसर पर जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी, जस्टिस दीपक रोशन, पूर्व न्यायमूर्ति डॉ. एस.एन. पाठक, अधिवक्ता परिषद के प्रेसिडेंट रितु कुमार, अतिरिक्त महाधिवक्ता जय प्रकाश, समेत अन्य थे। प्रतियोगिता प्रिंसिपल डॉ पंकज चतुर्वेदी की मॉनिटरिंग में संचालन किया जा रहा है। प्रिंसिपल बताते हैं कि विजेता टीम को ट्रॉफी और सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। लॉ छात्रों के लिए यह न केवल प्रतियोगिता, बल्कि न्यायिक प्रणाली को समझने का एक जीवंत प्रशिक्षण बन कर उभर रहा है।


